कैमरा - प्रकाश मनु
नया कैमरा चाचा लाए,
दरवाजे से ही चिल्लाए-
कहाँ गया, जल्दी आ छोटू,
बैठ यहाँ, खींचूँगा फोटू !
मैं बोला – यह क्या है चक्कर,
छिपा हुआ क्या इसमें पेंटर?
चित्र बनाता बिलकुल वैसा,
मोटा-पतला जो है जैसा।
हँसकर बोले चाचा – छोटू,
वही रहा बुद्धू का बुद्धू!
है प्रकाश-छाया का खेल,
बना उसी से सुंदर मेल।
कागज पर आ जाता रूप,
मन कह उठता – क्या ही खूब !
फूलों की सुंदर फुलवारी,
हँसती खिल-खिल क्यारी-क्यारी।
कोयल, कौआ या गौरैया,
दादी, अम्मा, बड़के भैया।
क्लिक करते ही खिंच आएँगे,
अपनी छाप दिखा जाएँगे।
खोटा-खरा जहाँ भी जैसा,
चित्र आएगा बिलकुल वैसा।
चाहे कह लो इसको नकली,
मात करेगा लेकिन असली।
जैसी शक्ल, हू-ब-हू चित्र,
समझो इसको अपना मित्र!
- प्रकाश मनु