नीम - हरीश निगम
लहराता-बलखाता नीम,
दिनभर हँसता-गाता नीम।
चिड़िया, कौआ, तोता सबसे,
अपना नेह जताता नीम।
नहीं डॉक्टर फिर भी देखो,
कितने रोग भगाता नीम।
चले प्रदूषित वायु कभी तो,
उसको शुद्ध बनाता नीम।
कड़वे तन में मन को मीठा,
रखना हमें सिखाता नीम ।
हवा चले तो झूम-झूमके,
सब का मन बहलाता नीम।
लेता नहीं किसी से कुछ भी,
पर कितना दे जाता नीम।
- हरीश निगम