गुरुवार, 3 फ़रवरी 2022

श्रीकांत वर्मा | SHRIKANT VERMA | INDIAN HINDI POET | साहित्यकार का जीवन परिचय

श्रीकांत वर्मा

(सन् 1931-1986)

श्रीकांत वर्मा का जन्म बिलासपुर, मध्य प्रदेश में हुआ। उनकी आरंभिक शिक्षा बिलासपुर में ही हुई। सन् 1956 में नागपुर विश्वविद्यालय से हिंदी में एम.ए. करने के बाद उन्होंने एक पत्रकार के रूप में अपना साहित्यिक जीवन शुरू किया। वे श्रमिक, कृति, दिनमान और वर्णिका आदि पत्रों से संबद्ध रहे। मध्य प्रदेश सरकार ने उन्हें तुलसी पुरस्कार, आचार्य नंददुलारे वाजपेयी पुरस्कार और शिखर सम्मान से सम्मानित किया। उन्हें केरल का कुमारन आशान राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

श्रीकांत वर्मा की कविताओं में समय और समाज की विसंगतियों एवं विद्रूपताओं के प्रति क्षोभ का स्वर प्रकट हुआ है। भटका मेघ, दिनारंभ, मायादर्पण, जलसाघर और मगध उनके चर्चित काव्य संग्रह हैं। इन कविताओं से गुजरते हुए यह महसूस होता है कि कवि का अपने परिवेश और संघर्षरत मनुष्य से गहरा लगाव है। उसके आत्मगौरव और भविष्य को लेकर वे लगातार चिंतित हैं। उनमें यदि परंपरा का स्वीकार है, तो उसे तोड़ने और बदलने की बेचैनी भी। प्रारंभ में उनकी कविताएँ अपनी ज़मीन और ग्राम्य-जीवन की गंध को अभिव्यक्त करती हैं किंतु जलसा घर तक आते-आते महानगरीय बोध का प्रक्षेपण करने लगती हैं या कहना चाहिए, शहरीकृत अमानवीयता के खिलाफ़ एक संवेदनात्मक बयान में बदल जाती हैं। इतना ही नहीं इनके दायरे में शोषित-उत्पीड़ित और बर्बरता के आतंक में जीती पूरी की पूरी दुनिया सिमट आती है। उनकी कविताओं में अभिव्यक्त यथार्थ हमें अनेक स्तरों पर प्रभावित करता है। उनका अंतिम कविता संग्रह मगध तत्कालीन शासक वर्ग के त्रास और उसके अंधकारमय भविष्य को बहुत प्रभावी ढंग से रेखांकित करता है।

उनकी प्रकाशित अन्य महत्त्वपूर्ण रचनाएँ हैं - झाड़ी संवाद (कहानी-संग्रह), दूसरी बार (उपन्यास), जिरह (आलोचना), अपोलो का रथ (यात्रा-वृत्तांत), फ़ैसले का दिन (अनुवाद), बीसवीं शताब्दी के अँधेरे में (साक्षात्कार और वार्तालाप)।