गुरुवार, 12 नवंबर 2026

विजयी विश्व तिरंगा प्यारा - श्यामलाल गुप्त 'पार्षद' | CBSE | CLASS 7 | HINDI

विजयी विश्व तिरंगा प्यारा - श्यामलाल गुप्त 'पार्षद'


विजयी विश्व तिरंगा प्यारा।

झंडा ऊँचा रहे हमारा ।।

सदा शक्ति बरसाने वाला, प्रेम सुधा सरसाने वाला।

वीरों को हरसाने वाला, मातृभूमि का तन मन सारा।।

झंडा ऊँचा रहे हमारा।

विजयी विश्व तिरंगा प्यारा।।

स्वतंत्रता के भीषण रण में, लख कर जोश बढ़े क्षण-क्षण में।

काँपें शत्रु देख कर मन में, मिट जावे भय संकट सारा।।

झंडा ऊँचा रहे हमारा।

विजयी विश्व तिरंगा प्यारा।।

इस झंडे के नीचे निर्भय, ले स्वराज्य यह अविचल निश्चय।

बोलो भारत-माता की जय, स्वतंत्रता है ध्येय हमारा।।

झंडा ऊँचा रहे हमारा।

विजयी विश्व तिरंगा प्यारा।।

आओ प्यारे वीरो आओ, देश धर्म पर बलि बलि जाओ।

एक साथ सब मिल कर गाओ, प्यारा भारत देश हमारा।।

झंडा ऊँचा रहे हमारा।

विजयी विश्व तिरंगा प्यारा।।

इसकी शान न जाने पाये, चाहे जान भले ही जाये।

विश्व विजय करके दिखलाये, तब होवे प्रण पूर्ण हमारा ।।

झंडा ऊँचा रहे हमारा।

विजयी विश्व तिरंगा प्यारा ॥

पक्षियों की प्रवास यात्राएँ | पक्षी-जगत, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास | दिल्ली | CBSE | CLASS 7 | HINDI

पक्षियों की प्रवास यात्राएँ 
पक्षी-जगत, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, दिल्ली


पक्षियों की प्रवास यात्राएँ सब से विचित्र और रहस्यपूर्ण होती हैं। हर साल शरद ऋऋतु और शुरू जाड़ों में अनेक पक्षी एशिया, यूरोप तथा अमरीका के उत्तरी भागों में स्थित अपने स्थानों से चलकर गरम देशों में आ जाते हैं। वसंत तथा गरमियों में वे फिर वापस उत्तर में पहुँच जाते हैं।

वे समय के इतने पक्के होते हैं कि इनके आने-जाने के एक-एक दिन की ठीक गणना की जा सकती है। हाँ, प्रतिकूल मौसम के कारण कभी देर हो जाए तो बात दूसरी है।

कुछ प्रजातियों के पक्षी थोड़े ही दूरी पर जाते हैं। हर पक्षी थोड़ा बहुत तो इधर-उधर जाता-आता है ही। कभी रहन-सहन के कष्टों के कारण तो कभी खाना कम हो जाने के कारण इस प्रकार का आवागमन मुख्यतः उत्तर भारत में देखने को मिलता है जहाँ पर मौसम भिन्न-भिन्न और तीव्रता लिए हुए होते हैं।

जो पक्षी ऊँचे पहाड़ों पर गरमियाँ बिताते हैं वे जाड़ों में निचली पहाड़ियों, तराई अथवा मैदानों में चले आते हैं। इस प्रकार का आवागमन भारत में बहुत अधिक पाया जाता है, जहाँ गंगा के क्षेत्र के बराबर में ही विशाल हिमालय है।

इन छोटे-छोटे वीर यात्रियों को अपनी समस्त लंबी-लंबी यात्राओं के बीच भारी कष्ट झेलने पड़ते हैं और बड़े-बड़े संकटों का सामना करना पड़ता है। कभी जंगलों, कभी मैदानों और कभी समुद्र के ऊपर से गुजरना होता है। कभी भयंकर तूफ़ान आ जाते हैं और वे अपने मार्ग से भटक जाते हैं। बहुधा वे आँधियों के थपेड़ों से समुद्र की ओर पहुँच जाते हैं और फिर एकदम नीचे पठारों में समा जाते हैं। रात को नगर का तीव्र प्रकाश इन्हें भटका देता है।

कुछ पक्षी बीच में रुक-रुक कर यात्रा करते हैं ताकि थकान न हो। कुछ ऐसे पक्षी भी हैं जो खाने और आराम करने के लिए बिना रुके लगातार बहुत लंबी-लंबी यात्राएँ पूरी कर लेते हैं। कुछ पक्षी केवल दिन में उड़ते हैं तो कुछ दिन और रात दोनों समय। किंतु अधिकतर पक्षी सूर्यास्त के बाद अपनी यात्रा पर बढ़ते जाते हैं।

पक्षी प्रायः दल बनाकर उड़ते हैं। सारस और हंस जब आकाश में 'वी' (V) की आकृति में उड़ते जाते हैं तब तुरंत हमारा ध्यान उधर खिंचा चला जाता है। अबाबील, चकदिल, फुदकी, समुद्रतटीय पक्षी तथा जलपक्षी दलों में इकट्ठे हो जाते हैं। प्रत्येक दल में एक ही प्रकार के पक्षी होते हैं। हर दल में परों की तेज फड़फड़ाहट और चहचहाहट होती है। उसके बाद वे धरती से हवा में उठ जाते हैं और आकाश को चीरते हुए आगे ही आगे बढ़ते जाते हैं।

चिड़िया - आरसी प्रसाद सिंह | CBSE | CLASS 7 | HINDI

चिड़िया - आरसी प्रसाद सिंह


कवि से परिचय

आरसी प्रसाद सिंह प्रकृति और जीवन-संघर्षों को अपनी रचनाओं में प्रमुखता से चित्रित करने वाले कवि हैं। वे अपनी रचनाओं में प्रेम, करुणा, त्याग-बलिदान, मुक्ति और मिल-जुलकर एक सुंदर संसार रचने की कल्पना करते रहे हैं। जैसा कि 'चिड़िया' (1911-1996) कविता में भी आपने पढ़ा। उन्होंने चिड़िया के माध्यम से कितनी सुंदर बात कही है- "चिड़िया बैठी प्रेम-प्रीति की रीति हमें सिखलाती है! वह जग के बंदी मानव को मुक्ति-मंत्र बतलाती है!" कलापी और आरसी उनके चर्चित कविता संग्रह हैं।


चिड़िया - आरसी प्रसाद सिंह


पीपल की ऊँची डाली पर

बैठी चिड़िया गाती है!

तुम्हें ज्ञात क्या अपनी

बोली में संदेश सुनाती है?



चिड़िया बैठी प्रेम-प्रीति की

रीति हमें सिखलाती है!

वह जग के बंदी मानव को

मुक्ति-मंत्र बतलाती है!



वन में जितने पंछी हैं, खंजन,

कपोत, चातक, कोकिल;

काक, हंस, शुक आदि वास

करते सब आपस में हिलमिल !



सब मिल-जुलकर रहते हैं वे,

सब मिल-जुलकर खाते हैं;

आसमान ही उनका घर है;

जहाँ चाहते, जाते हैं!



रहते जहाँ, वहाँ वे अपनी,

दुनिया एक बसाते हैं;

दिन भर करते काम,

रात में पेड़ों पर सो जाते हैं!



उनके मन में लोभ नहीं है,

पाप नहीं, परवाह नहीं;

जग का सारा माल हड़पकर

जाने की भी चाह नहीं।



जो मिलता है अपने श्रम से,

उतना भर ले लेते हैं;

बच जाता जो, औरों के हित,

उसे छोड़ वे देते हैं!



सीमा-हीन गगन में उड़ते,

निर्भय विचरण करते हैं;

नहीं कमाई से औरों की

अपना घर वे भरते हैं!



वे कहते हैं, मानव ! सीखो

तुम हमसे जीना जग में;

हम स्वच्छंद और क्यों तुमने

डाली है बेड़ी पग में?



तुम देखो हमको, फिर अपनी

सोने की कड़ियाँ तोड़ो;

ओ मानव! तुम मानवता से

द्रोह-भावना को छोड़ो!



पीपल की डाली पर चिड़िया

यही सुनाने आती है

बैठ घड़ी भर, हमें चकित कर,

गा-कर फिर उड़ जाती है।

मंगलवार, 10 नवंबर 2026

मीरा के पद | CBSE | CLASS 7 | HINDI

मीरा के पद


कवयित्री से परिचय

आपने जो रचना अभी पढ़ी है, उसे आज से लगभग 500 वर्ष पहले रचा गया था। इसे हिंदी की महान कवयित्री, कृष्ण भक्त और संत मीरा ने रचा था। यह माना जाता है कि मीरा बचपन से ही कृष्ण की भक्ति में मगन रहती थीं। एक राजकुमारी होते हुए भी उन्होंने संतों का जीवन चुना और महलों को त्यागकर तीर्थों की यात्राएँ करने लगीं। उन्होंने मंदिरों में भजन गाना और सत्संग करना प्रारंभ कर दिया। उनके गाए हुए भजन लोग आज भी श्रद्धा और प्रेम से गाते, पढ़ते और सुनते-सुनाते हैं।

(1)

बसो मेरे नैनन में नंदलाल ।

मोहनि मूरति साँवरि सूरति, नैना बने विशाल ॥

अधर सुधा रस मुरली राजति, उर वैजंती माल ॥

क्षुद्र घंटिका कटितट सोभित, नूपुर शब्द रसाल ॥

मीरा के प्रभु संतन सुखदाई, भक्त वछल गोपाल ॥

(2)

बरसे बदरिया सावन की, सावन की मन भावन की।

सावन में उमग्यो मेरो मनवा, भनक सुनी हरि आवन की ॥

उमड़ घुमड़ चहुँ दिश से आया, दामिन दम कै झर लावन की।

नन्हीं नन्हीं बूँदन मेहा बरसे, शीतल पवन सोहावन की ॥

मीरा के प्रभु गिरधरनागर, आनंद मंगल गावन की ॥

फूलों का स्कूल - रवींद्रनाथ टैगोर | CBSE | CLASS 7 | HINDI

फूलों का स्कूल - रवींद्रनाथ टैगोर


आकाश में बादल छा जाने पर

आषाढ़ में वर्षा होने पर

खेतों की मेंड़ उलांघती गीली गीली पुरवाई आकर

बाँस-वन में शहनाई बजाती है,

न जाने सहसा कहाँ से

झुंड के झुंड फूल आकर नाचने लग जाते हैं

हरी घास पर बड़ी उमंग से।



माँ, मुझे लगता है

इन फूलों का स्कूल शायद

कहीं लुकी छिपी जगह पर है, मिट्टी के नीचे

जहाँ दरवाजे बंद करके वे लोग

पढ़ाई की किताबें पढ़ते हैं और

समय होने से पहले

बारिश हुई तो उनके

स्कूल की छुट्टी हो जाती है।

जंगल में पेड़ों की टहनियाँ टकराती हैं

पागल हवा से पत्ते काँपते हैं

बारिश अपने विशाल हाथ ठोंककर

गड़गड़ाहट फैलाती है

और पीले, नारंगी, सफेद

रंगों की पोशाकें पहन

निकल आते हैं बच्चे।



मालूम है मुझे

किसके लिए नाच रहे हैं वे हाथ उठाए

क्योंकि उनकी भी माँ है

जैसी मेरी है माँ।