गुरुवार, 12 नवंबर 2026

गिरिधर कविराय की कुंडलिया | CBSE | CLASS 7 | HINDI

गिरिधर कविराय की कुंडलिया


कवि से परिचय

अठारहवीं सदी में जन्मे गिरिधर कविराय को उनकी लोकप्रचलित कुंडलियों के लिए याद किया जाता है। उनकी रचनाओं में बहुत से ऐसे नीतिपरक पद मिलते हैं जिन्हें अक्सर कहावत के रूप में सुना जाता है जैसा कि अभी आपने पढ़ा- "बिना बिचारे जो करै सो पाछे पछिताय" या "बीती ताहि बिसारि दे आगे की सुधि लेइ।" उनकी कविताएँ जन-मानस में इतनी प्रसिद्ध हैं कि लोग उनका कहावतों की तरह उपयोग करते हैं। उन्होंने अपनी कविताओं में लाठी जैसी वस्तु के उपयोग भी बताए और यह भी बताया कि धन अधिक हो जाए तो क्या करना चाहिए। अपनी रचनाओं में लोकनीति या घर-गृहस्थी के साधारण लोक व्यवहार की बातें सीधे और सरल शब्दों में कहने के लिए भी वे जाने जाते हैं।

गिरिधर कविराय की कुंडलिया

(1)

बिना बिचारे जो करै सो पाछे पछिताय ।

काम बिगारे आपनो जग में होत हँसाय ॥

जग में होत हँसाय चित्त में चैन न पावै।

खान पान सन्मान राग रंग मनहिं न भावै ॥

कह गिरिधर कविराय दुःख कछु टरत न टारे।

खटकत है जिय माहिं कियो जो बिना बिचारे ॥

(2)

बीती ताहि बिसारि दे आगे की सुधि लेइ।

जो बनि आवै सहज में ताही में चित देइ॥

ताही में चित देइ बात जोई बनि आवै।

दुर्जन हँसै न कोइ चित्त में खता न पावै॥

कह गिरिधर कविराय यहै करु मन परतीती।

आगे को सुख होइ समुझि बीती सो बीती ॥