चेरापूँजी के मेहमान - मिताली अहीर
(इकतारा ट्रस्ट की पत्रिका 'साइकिल' से साभार)
जुलाई का महीना था। एक महीने से बारिश एक मिनट के लिए भी नहीं थमी थी। उन दिनों मैं सोहरा (आज का चेरापूँजी) के स्टेट बैंक में काम करता था। मेरा घर बैंक के ठीक ऊपर वाले माले पर था। एक दिन जब मैं घर आया तो देखा घर पानी से भरा हुआ है। पूरा घर पानी-पानी था। मुझे लगा कि सेंगमा (देखभाल करने वाला) से कोई नल खुला रेह गया होगा।
मैंने सारे नल देखे। सभी अच्छी तरह से बंद थे। मैंने तुरंत सेंगमा को बैंक से बुलवाया। वह भी घर देखकर हैरान था। बोला, "सर, कहीं पानी की टंकी तो लीक नहीं कर रही?" हमने उसे भी देखा पर कुछ समझ नहीं आ रहा था कि बात क्या है।
तभी मेरा टिफिन लेकर कांग आईं। उन्होंने पहले घर को देखा फिर मुस्कुराते हुए पूछा, "खिड़की खुली थी क्या बाबा?” मैंने कहा, "हाँ।" वे हँसीं और बोलीं, "खिड़की खुली रखेगा तो बादल तो घर में आएगा ही ना" मैं बोला, "बादल!” वे बोलीं, “हाँ, बादल। बरसाती दिनों में बादल बहुत नीचे तैरते हैं। ऐसे में खिड़की-दरवाजे खुले मिल जाएँ तो वे घर को अपना समझकर चले आते हैं और सब कुछ गीला कर जाते हैं।"
- मिताली अहीर (इकतारा ट्रस्ट की पत्रिका 'साइकिल' से साभार)